लद्दाख में कार खाई में गिरने के बाद 5 दिन लापता रहे आगरा के 4 दोस्त, हीटर से बचाई जान | Ladakh rescue
लद्दाख के लेह जिले में पैंगांग झील के पास से लापता हुए आगरा के चार दोस्त पांच दिन बाद सुरक्षित मिल गए हैं। मनाली लौटते समय उनकी कार बर्फ से फिसलकर 20 फीट गहरी खाई में चली गई थी। इस घटना के बाद दो दिन और रात उन्होंने कार का हीटर चलाकर बिताईं। इसके बाद, लगभग 15 किलोमीटर बर्फ में पैदल चलकर वे मदद तक पहुंचे, जहां से लद्दाख पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर लिया। उनकी तलाश में लद्दाख पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया था।
यह घटना तब हुई जब शिवम चौधरी अपने तीन दोस्तों जयवीर सिंह चौधरी, यश मित्तल और सुधांशु फौजदार के साथ लद्दाख ट्रिप पर थे। नौ जनवरी को पेंगोग झील पर परिवार से बात करने के बाद उनका संपर्क टूट गया था। संपर्क न होने पर 11 जनवरी को आगरा में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। लद्दाख पुलिस के सक्रिय होने के बाद मंगलवार को चारों दोस्तों को पांग-सरचू रोड पर विस्की नाला से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
दोस्तों ने बताया कि नौ फरवरी को वे लेह के लिए निकले थे और खारू के पास मनाली का बोर्ड देखकर उसी रास्ते पर बढ़ गए। 10 जनवरी को पंग में रुकने के बाद 11 जनवरी को मनाली के लिए निकले। सरचू से आगे निकलने पर नकीला के पास बर्फ में उनकी कार फिसलकर खाई में गिर गई। गनीमत रही कि गाड़ी पलटी नहीं। डीजल खत्म होने पर उन्होंने बाहर निकलकर झोंपड़ियों तक पहुंचने की योजना बनाई और लगभग 15 किलोमीटर पैदल चलकर विस्की पहुंचे।
