प्रेमिका ने बात नहीं की तो प्रेमी ने किया बेटे का अपहरण, दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
एकतरफा प्यार में डूबे एक युवक ने अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके एक साल के बेटे का अपहरण कर लिया। यह घटना तब हुई जब प्रेमिका ने शादी के वादों पर बात करने से इनकार कर दिया। युवक ने बच्चे को बिहार ले जाने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उसे ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने प्रेमिका से तीन साल पहले प्रेम संबंध शुरू किया था। प्रेमिका ने हाल ही में दूसरी शादी कर ली थी और वह इस बात से आहत था। जब वह दिल्ली में प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो उसने बात करने से साफ मना कर दिया। इसी गुस्से में उसने प्रेमिका के बेटे को अगवा कर लिया ताकि उसे बिहार बुला सके।
बच्चे की मां ने दिल्ली के कापसहेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। नौ जनवरी को पता चला कि आरोपी बच्चे को लेकर विक्रमशिला एक्सप्रेस से बिहार की ओर भाग रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी हेमंत को बच्चे के साथ ट्रेन से बरामद कर लिया।
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि प्रेमिका और उसके परिवार ने उससे धोखा किया। पहले तो परिवार शादी के लिए राजी था, लेकिन बाद में प्रेमिका ने चोरी-छिपे दूसरी शादी कर ली और दिल्ली आकर रहने लगी। युवक ने प्रेमिका पर अपने रहन-सहन पर दो लाख रुपये खर्च करने का भी आरोप लगाया।
