डिजिटल गांव: 1000 ग्राम पंचायतों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र, UP सरकार की बड़ी पहल
उत्तर प्रदेश में ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार ने एक बड़ी पहल की है। इसके तहत अब प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे। यह पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आधार से जुड़ी सभी सेवाएं सीधे उनके गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी। नया आधार बनवाने से लेकर आधार अपडेट और प्रमाणीकरण तक की सुविधा अब गांव के ग्राम सचिवालय में ही मिलेगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को आधार सेवाओं के लिए ब्लॉक या शहरों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना है। पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि हर ग्राम पंचायत के ग्राम सचिवालय में ये केंद्र स्थापित किए जाएंगे और इनका संचालन ग्राम पंचायत सहायक करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यूआईडीएआई ने पंचायती राज विभाग को आवश्यक आईडी जारी कर दी है, जिससे इन केंद्रों का संचालन पूरी तरह अधिकृत और पारदर्शी होगा।
यह नई व्यवस्था आधार नामांकन, अपडेट और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाएगी। इससे ग्रामीणों का सरकारी योजनाओं से सीधा जुड़ाव सुनिश्चित होगा और आधार से जुड़ी परेशानियां समाप्त होंगी। पायलट प्रोजेक्ट के सफल होने पर इसे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। यह पहल डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देगी और शासन की गांव-गांव विकास की सोच को साकार करेगी।
