रसूलाबाद में यात्री प्रतीक्षालय पर ठेलिया दुकानदारों का कब्जा, प्रशासन बेखबर
रसूलाबाद कस्बे के चौराहे और तिराहों पर बने यात्री प्रतीक्षालयों पर ठेलिया दुकानदारों ने पूरी तरह से कब्जा जमा लिया है। इन प्रतीक्षालयों में अब यात्रियों के बैठने की जगह तो दूर, सामान रखने तक की नौबत आ गई है। रसूलाबाद कस्बे के मुख्य चौराहे पर बने प्रतीक्षालय पर ठेलिया दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं और अपना सामान भी वहीं रख रहे हैं।
इसी तरह झींझक रोड तिराहे पर भी प्रतीक्षालय पर अस्थाई कब्जा कर लिया गया है, जहाँ दुकानें लगाई जा रही हैं। कस्बे के जिम्मेदार अधिकारी इन अतिक्रमणों से बेखबर बने हुए हैं। जब कोई राहगीर या आम नागरिक इसका विरोध करता है, तो ठेलिया दुकानदार झगड़ा करने और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान केवल फोटो खिंचवाने तक ही सीमित रहता है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
यह स्थिति आम यात्रियों के लिए बेहद असुविधाजनक है और सार्वजनिक स्थानों के दुरुपयोग को दर्शाती है। प्रशासन की निष्क्रियता से समस्या और बढ़ रही है।
