टैक्स वसूली में लापरवाही: लखनऊ नगर निगम के सात अफसरों का वेतन रोका, 20 इंस्पेक्टरों को चेतावनी
लखनऊ नगर निगम में टैक्स वसूली को लेकर एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने वसूली में गंभीर लापरवाही बरतने वाले पांच पीसीएस अधिकारियों सहित कुल सात अफसरों का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं। समीक्षा बैठक के दौरान इन अधिकारियों के क्षेत्रों में टैक्स वसूली का आंकड़ा बेहद कम पाया गया, जिससे नगर आयुक्त खासे नाराज नजर आए।
जिन पीसीएस अधिकारियों का वेतन रोका गया है, उनमें एसडीएम रामेश्वर प्रसाद, विकास सिंह, विनीत सिंह, संजय यादव और आकाश कुमार शामिल हैं। ये सभी अधिकारी जोनल अधिकारी का भी कार्यभार संभाल रहे हैं, इसके बावजूद टैक्स वसूली में इनका प्रदर्शन अत्यंत खराब रहा। इसके अतिरिक्त, जोन-1 के जोनल अधिकारी ओपी सिंह और जोन-6 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव का भी वेतन रोक दिया गया है।
नगर आयुक्त ने केवल वेतन रोकने तक ही कार्रवाई को सीमित नहीं रखा, बल्कि 20 से अधिक टैक्स इंस्पेक्टरों को सख्त चेतावनी भी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनवरी माह में टैक्स वसूली में सुधार नहीं हुआ तो इन इंस्पेक्टरों का वेतन भी रोका जाएगा। सूत्रों के अनुसार, जो पीसीएस अधिकारी जोनल अफसर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, उनमें से कई फील्ड में जाने से कतरा रहे हैं और टैक्स वसूली में उनकी रुचि कम है। यह स्थिति सीधे तौर पर टैक्स वसूली पर असर डाल रही है।
