बिहार PHED ने 104 सहायक अभियंताओं को किया पदस्थापित, मंत्री बोले- ‘शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता’
बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले 104 सहायक अभियंताओं को फील्ड में पदस्थापित कर दिया है। इन सभी अभियंताओं ने बिपार्ड, गया में दो महीने का आवासीय प्रशिक्षण लिया था। पदस्थापन से पहले बुधवार को पटना में एक उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभागीय मंत्री संजय कुमार सिंह ने नव-नियुक्त अधिकारियों को संबोधित किया।
मंत्री संजय कुमार सिंह ने नव-नियुक्त अभियंताओं को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में आने वाली शिकायतों का समय पर और प्रभावी ढंग से निराकरण किया जाए। मंत्री ने यह भी जोर दिया कि अभियंताओं को आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और उन्हें विभाग में लागू करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
मंत्री ने बताया कि बिहार में जल आपूर्ति का व्यापक ढांचा विकसित हो चुका है। वर्तमान में 1.86 करोड़ से अधिक घरों तक प्रतिदिन 70 लीटर प्रति व्यक्ति की दर से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता इस व्यवस्था के प्रभावी संचालन और देखरेख पर केंद्रित है।
विभागीय सचिव पंकज कुमार पाल ने भी नव-नियुक्त अभियंताओं को जलापूर्ति योजनाओं की नियमित गुणवत्ता जांच, जलमीनारों की सफाई और फिल्टर मीडिया को समय पर बदलने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्य करते समय पर कार्य करते हुए निर्णयों में स्पष्टता, संतुलन और आत्मविश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
