संस्कार भारती के संस्थापक बाबा योगेन्द्र को किया नमन, भारतीय कला-संस्कृति पर खास चर्चा
संस्कार भारती, अवध प्रांत ने अपने संस्थापक, कला ऋषि पद्मश्री बाबा योगेन्द्र की जयंती के अवसर पर एक स्मृति एवं विचार विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया। अवध प्रांत कार्यालय, विधायक निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में बाबा योगेन्द्र के प्रेरणादायी जीवन, भारतीय कला, संस्कृति और संस्कारों के प्रति उनके अमूल्य योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
इस अवसर पर, संस्कार भारती, अवध प्रांत ने सभी कला प्रेमियों, कार्यकर्ताओं और सांस्कृतिक साधकों से आग्रह किया कि वे इस कार्यक्रम में शामिल होकर पद्मश्री बाबा योगेन्द्र के विचारों से प्रेरणा प्राप्त करें। यह आयोजन न केवल उनके सांस्कृतिक योगदान को रेखांकित करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में बाबा योगेन्द्र के साथ-साथ संस्कार भारती, अवध प्रांत के पूर्व अध्यक्ष स्व. सुरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखा गया। इस श्रद्धांजलि सभा में कवि कमलेश मौर्य, मृदु, सीताराम कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, ममता सिंह, गगन शर्मा, विवेक वर्मा, डा. अरुण मिश्र, फिल्म अभिनेता एवं निर्देशक चंद्रभूषण सिंह, आकाश मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
