Lucknow news: लोकबंधु अस्पताल में जल्द शुरू होगी डायलिसिस यूनिट, मरीजों को मिलेगी राहत
लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों को जल्द ही डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल प्रशासन ने इस दिशा में कदम उठाते हुए डायलिसिस यूनिट स्थापित करने की तैयारी पूरी कर ली है। यह उन मरीजों के लिए बड़ी राहत होगी जिन्हें अब तक डायलिसिस के लिए दूसरे अस्पतालों में भटकना पड़ता था।
लोकबंधु अस्पताल में 300 बेड की क्षमता है और 10 बेड का ईआईसीयू भी संचालित हो रहा है। ईआईसीयू में भर्ती कई मरीजों को किडनी संबंधी जटिलताओं के कारण डायलिसिस की आवश्यकता होती है। लेकिन अस्पताल में यह सुविधा न होने के कारण मरीजों को बलरामपुर या सिविल जैसे बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता है। इन अस्पतालों में पहले से ही मरीजों का भारी दबाव रहता है, जिससे लोकबंधु से रेफर किए गए मरीजों को अक्सर इंतजार करना पड़ता है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (MS) ने बताया कि सीएसआर फंड के माध्यम से पांच डायलिसिस मशीनें प्राप्त हो चुकी हैं। इन मशीनों को मार्च के अंत तक स्थापित कर दिया जाएगा और जल्द ही मरीजों के लिए जांच और उपचार की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। यह सुविधा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बलरामपुर अस्पताल को छोड़कर सिविल, बीआरडी महानगर और आरएसएम जैसे अन्य सरकारी अस्पतालों में भी डायलिसिस यूनिट उपलब्ध नहीं है।
