सरवर माया का बॉक्स ऑफिस पर जलवा जारी, मार्क की कमाई में भारी गिरावट
नविन पॉली की वापसी वाली फिल्म ‘सरवर माया’ बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का दिल जीत रही है। यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म अपने पहले हफ्ते में 35 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। दर्शकों के सकारात्मक रुझान के कारण फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, ‘सरवर माया’ ने रिलीज के 10 दिनों में लगभग 40.7 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी अखिल सत्यान ने संभाली है। नवीन पॉली, अजू वर्गीस, प्रीति मुकुंदन और जनार्दनन जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म की हल्की-फुल्की कॉमेडी, डर का तड़का और कलाकारों के बेहतरीन अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा है। यही वजह है कि फिल्म रिलीज के इतने दिनों बाद भी बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है।
दूसरी ओर, किच्चा सुदीप की फिल्म ‘मार्क’ की कमाई में भारी गिरावट आई है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने 9वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को लगभग 0.60 करोड़ रुपये कमाए, जो पिछले दिनों की तुलना में 68.42% की गिरावट है। दूसरे शनिवार को दोपहर तक फिल्म ने मात्र 0.11 करोड़ रुपये ही जुटाए। इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन 23.86 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, उम्मीद है कि वीकेंड पर कमाई में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
