UP Board Exam 2026: प्री-बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी, जानें कब से शुरू होगी UP Board की तैयारी
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 8 जनवरी से शुरू होकर 21 जनवरी तक चलेंगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के दिशानिर्देशों के अनुसार, इस बार प्री-बोर्ड परीक्षाओं को औपचारिकता के तौर पर नहीं, बल्कि पूरी गंभीरता से आयोजित किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए सभी माध्यमिक स्कूलों को इसका व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। फरवरी के दूसरे पखवाड़े में होने वाली मुख्य बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों को अपनी कमियों को सुधारने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। इस बार परीक्षा के प्रश्नपत्र स्कूलों द्वारा तैयार न करके सीधे विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका वितरण दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कर दिया गया था।
शीतकालीन अवकाश के बाद 8 जनवरी से परीक्षा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत ने बताया कि उपलब्ध कराए गए प्रश्नपत्रों के आधार पर ही परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और परीक्षा को पारदर्शी व नकलविहीन बनाने पर जोर दिया है।
मूल्यांकन के बाद विद्यार्थियों की कमियों को दूर करने के लिए विशेष शिक्षक प्रयास करेंगे। प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा कार्यक्रम का पालन करें। किसी भी लापरवाही की स्थिति में प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। जिन स्कूलों ने अभी तक प्रश्नपत्र प्राप्त नहीं किए हैं, उन्हें तत्काल प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
