हजरत अली का यौमे विलादत: कानपुर में जश्न की तैयारी, निकलेगा जुलूस
कानपुर में 13 रजब (अरबी माह) को हजरत अली के यौमे विलादत (जन्म दिवस) के उपलक्ष्य में जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर पर मस्जिदों, इमाम बारगाहों, कर्बलाओं और खानकाहों को बिजली की झालरों से सजाया गया है। शहर में “खुशियां मनाओ, घड़ी ये ख़ुशी की है…आमद जहां में आज ख़ुदा के वली की है” जैसे नारों की गूंज सुनाई दे रही है।
ऑल इंडिया मोहम्मदी वेलफेयर मिशन के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. जुल्फिकार अली रिजवी ने बताया कि इस बार शहर में ‘मौलूद-ए-काबा’ का जश्न मनाया जाएगा। शमीम हैदर हॉल सिविल लाइंस में एक विशेष महफिल का आयोजन किया गया, जिसमें मौलाना नुसरत आबिदी ने हजरत अली के जीवन पर प्रकाश डाला। विभिन्न शायरों और मौलानाओं ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
इसके अलावा, हाजी मुंसिफ अली रिज़वी फैंस एसोसिएशन द्वारा ग्वालटोली मकबरे में भी हजरत अली का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। ऑल इंडिया शिया युवा यूनिट के महासचिव नायाब आलम ने घोषणा की है कि तीन जनवरी को दोपहर 2:30 बजे फूल बाग गांधी प्रतिमा के सामने से ‘जुलूसे हैदरी’ का आगाज होगा। यह जुलूस अपने पारंपरिक मार्गों से होते हुए बड़ी कर्बला नवाबगंज में समाप्त होगा, जिसमें शहर की सभी अंजुमनें भाग लेंगी। यह आयोजन शहर के सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक है।
