Border 2: जैसलमेर में ‘घर कब आओगे’ गाने का लॉन्च, वरुण धवन और अहान शेट्टी का डैशिंग अंदाज़
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के निर्माताओं ने गाने ‘घर कब आओगे’ के लॉन्च की तैयारी पूरी कर ली है। यह भव्य लॉन्चिंग राजस्थान के जैसलमेर में लोंगेवाला-तनोट में हो रही है। इस खास मौके के लिए फिल्म के मुख्य कलाकार वरुण धवन और अहान शेट्टी, गायक सोनू निगम, निर्माता भूषण कुमार और निधि दत्ता सहित कई जानी-मानी हस्तियां मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट की गईं, जहाँ से वे जैसलमेर के लिए रवाना हुए।
‘घर कब आओगे’ गाने का टीजर कुछ दिन पहले ही जारी किया गया था, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यह गाना सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ जैसे दिग्गज गायकों की जुगलबंदी है। मूल गाने के संगीतकार अनु मलिक के संगीत को मिथुन ने फिर से तैयार किया है, जबकि मनोज मुंतशिर शुक्ला ने जावेद अख्तर के मूल गीत में नए बोल जोड़े हैं।
निर्माता निधि दत्ता ने गाने के लॉन्च से पहले सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने बताया कि यह गाना उनके पिता जेपी दत्ता की विरासत का हिस्सा है, जिसे 29 साल पहले बनाया गया था। उन्होंने कहा कि इस नए संस्करण में सैनिकों और उनके परिवारों की कहानियों को और गहराई से दर्शाया गया है, जबकि मूल धुन और भावना को बरकरार रखा गया है। निधि ने उम्मीद जताई कि दर्शक इस नए गाने को भी उतना ही प्यार देंगे जितना उन्होंने मूल गाने को दिया है।
