AIBE 2025: ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन में रजिस्ट्रेशन की आज आखिरी तिथि
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली: बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) द्वारा आयोजित ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE 2025) में रजिस्ट्रेशन करने की आज अंतिम तिथि है। जो उम्मीदवार इस महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, उनके पास आवेदन करने का आज आखिरी मौका है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय से पहले अपनी आवेदन प्रक्रिया को अवश्य पूरा कर लें, क्योंकि अब दोबारा रजिस्ट्रेशन का अवसर नहीं दिया जाएगा।
बता दें कि AIBE 2025 परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि पहले 28 अक्टूबर निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 31 अक्टूबर, 2025 तक कर दिया गया था। ऐसे में, यह अंतिम अवसर है और आगे कोई विस्तार नहीं मिलेगा। आवेदन के साथ, ऑनलाइन फीस जमा करने और फॉर्म में करेक्शन करने की अंतिम तिथि 01 नवंबर, 2025 निर्धारित की गई है।
परीक्षा से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण तिथियों की बात करें तो, AIBE 2025 के एडमिट कार्ड परीक्षा से 15 दिन पहले, यानी 15 नवंबर को जारी किए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन 30 नवंबर को किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे सभी महत्वपूर्ण तिथियों का ध्यान रखें ताकि कोई भी चरण छूटने न पाए।
AIBE परीक्षा में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों के पास बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से कानून में स्नातक (LLB) होना अनिवार्य है। साथ ही, आवेदन करने के लिए यह भी जरूरी है कि सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों ने स्नातक में कम से कम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों, जबकि एससी एवं एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 40 प्रतिशत निर्धारित की गई है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो, सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए एप्लीकेशन फीस 3,560 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि एससी एवं एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 2,560 रुपये है। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार BCI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्वयं रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वेबसाइट पर आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं, जिनका पालन कर उम्मीदवार आसानी से अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं।
