Gorakhpur news: प्रेमी से मिलने आई साली को जीजा ने पकड़ा, बीच सड़क पर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवती और उसके जीजा के बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवती अपने प्रेमी से मिलने के लिए मुख्य मार्ग पर पहुंची थी, लेकिन उसका जीजा पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। जीजा ने युवती को घर वापस चलने के लिए कहा, जिस पर युवती ने विरोध किया। उसने कहा कि वह अपने प्रेमी से मिले बिना नहीं जाएगी।
इसी बात को लेकर जीजा और साली के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में मारपीट होने लगी। बीच सड़क पर हो रहे इस हंगामे को देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने बताया कि यह पारिवारिक विवाद था, जिसे सुलझाकर दोनों को घर भेज दिया गया है।
