सूर्य नगर में नंदोत्सव की धूम, कथा व्यास ने बताया ‘Krishna Janmotsav’ का महत्व
सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्म और नंदोत्सव के उल्लासपूर्ण प्रसंग ने पूरे पंडाल को भक्तिमय कर दिया। कथा व्यास श्री कीर्ति किशोरी ने भगवान के मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम और श्रीकृष्ण सहित विविध अवतारों का सारगर्भित वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान अवतार लेकर भक्तों की रक्षा और धर्म की स्थापना करते हैं। प्रत्येक अवतार मानव जीवन को साहस, सत्य, करुणा और प्रेम का संदेश देता है।
कथा के क्रम में जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म और नंदोत्सव का प्रसंग आया, संपूर्ण कथा पंडाल आनंद, उल्लास और वात्सल्य रस से सराबोर हो उठा। भजनों, जयकारों और पुष्पवर्षा के बीच नंद बाबा के आनंद और यशोदा मैया के वात्सल्य का सजीव चित्रण किया गया। “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…” के संकीर्तन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। कथा व्यास ने कहा कि नंदोत्सव यह सिखाता है कि जिस घर में प्रेम, सेवा और भक्ति होती है, वहीं भगवान स्वयं निवास करते हैं। श्रीकृष्ण का जीवन कर्मयोग, मित्रता, करुणा और समरसता का दिव्य संदेश है। कथा के समापन पर महाआरती और प्रसादी वितरण किया गया।
