Smart Girl Workshop: बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास
भारतीय जैन संघटना (BJS) द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप’ का समापन संत निलय, श्री महावीर दिग महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करना था, ताकि वे आत्मनिर्भर, जागरूक और आत्मविश्वासी बन सकें।
वर्कशॉप के दौरान, विशेषज्ञों ने बालिकाओं को आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तिगत सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। इंटरएक्टिव सेशंस और समूह चर्चाओं के माध्यम से बालिकाओं को मानसिक मजबूती और जीवन में सही निर्णय लेने के महत्व को समझाया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यशाला बालिकाओं को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। इस दौरान, अभिभावकों के लिए भी एक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें बच्चों के भावनात्मक सहयोग और सकारात्मक संवाद के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
