Jamui News: गैस सिलेंडर फटने से बेकरी में भीषण आग, लाखों का नुकसान
जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में एक बेकरी में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इस घटना में बेकरी संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। यह हादसा धोबघट गांव में अशोक बेकरी में हुआ, जहां गैस रिसाव के कारण आग लगी और सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
बेकरी संचालक अशोक यादव ने बताया कि बुधवार को अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आग की लपटें तेजी से फैल गईं। कुछ ही देर में सिलेंडर में तेज धमाका हुआ, जिससे बेकरी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने से बेकरी की मशीनें, कच्चा माल और अन्य उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए। संचालक के अनुसार, इस घटना में लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण बेकरी को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना गिद्धौर थाना पुलिस और अंचलाधिकारी को दी गई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
