पूर्व मंत्री दीपक जोशी की दूसरी शादी पर पत्नी पल्लवी राज का बयान, कहा- ‘हम दुनिया से थक चुके थे’
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी एक बार फिर अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज सक्सेना से भोपाल के आर्य समाज मंदिर में शादी की है। इस शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दीपक जोशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पर बात की।
पल्लवी राज सक्सेना ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि उनकी शादी 4 दिसंबर को हुई थी और यह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई। उन्होंने कहा, “दीपक जी से मेरी शादी 4 दिसंबर 2025 को हुई है। हमारी शादी नेहरू नगर आर्य समाज मंदिर में हुई है। उसमें मेरे परिवार के सभी लोग शामिल थे। उनके परिवार के लोग भी शामिल थे। मेरे माता-पिता ने मेरा कन्यादान किया है।”
जब पल्लवी से दीपक जोशी की पिछली शादियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में पहले से जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि वे पिछले 11 महीनों से दीपक जोशी के साथ हैं और हर पल उनके साथ रही हैं। पल्लवी ने यह भी स्वीकार किया कि यह उनकी दूसरी शादी है और वह 17 साल से तलाकशुदा हैं। उन्होंने कहा, “हम दोनों वैवाहिक बंधन में बंधना चाहते थे। हम दोनों दुनिया से थक चुके थे। मेरी उम्र 45 हो रही है, उनकी भी 63 हो रही है। जायज बात है कि हम लोगों को एक वैवाहिक जीवन बिताना है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह दूसरा विवाह होने के कारण उन्होंने ज्यादा लोगों को आमंत्रित नहीं किया था, क्योंकि उन्हें डर था कि लोग उनका मजाक उड़ाएंगे। उन्होंने कहा कि दूसरा विवाह करना कोई अपराध नहीं है।
