Pilibhit news: गैस गीजर से दम घुटने से दंपती की मौत, बाथरूम में मिले शव
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गैस गीजर के इस्तेमाल के दौरान दम घुटने से एक दंपती की मौत हो गई। घटना गुरुकुलपुरम मोहल्ले में किराए के मकान की है। जिला ग्राम विकास अभिकरण (DRDA) के कर्मचारी हरजिंदर सिंह और उनकी पत्नी रेनू के शव बाथरूम में मिले। पुलिस ने बताया कि बाथरूम में वेंटिलेशन की उचित व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण गैस गीजर से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण ऑक्सीजन की कमी हो गई।
पड़ोसियों को जब दंपती का फोन नहीं लगा और बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला, तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे दम घुटने से हुई मौत बताया है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। यह घटना गैस गीजर के सुरक्षित उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
