झारखंड में भ्रष्टाचार पर पलटवार, कांग्रेस ने बाबूलाल मरांडी पर लगाया ‘बीज बोने’ का आरोप | Jharkhand politics news
झारखंड में भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शांति ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार की नींव बाबूलाल मरांडी ने रखी थी, जब झारखंड का गठन हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में अर्जुन मुंडा और रघुवर दास के नेतृत्व वाली भाजपा सरकारों ने इस भ्रष्टाचार को खाद-पानी देकर एक विशाल पेड़ में बदल दिया।
शांति ने कहा कि वर्तमान महागठबंधन सरकार इस भ्रष्टाचार के पेड़ को जड़ से खत्म करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर असहयोगात्मक रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। शांति के अनुसार, केंद्र सरकार झारखंड को उसके हिस्से का आवंटन नहीं दे रही है, जबकि भाजपा नेता लगातार भ्रष्टाचार का अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र के असहयोग के बावजूद झारखंड में हो रहे विकास कार्य और लगातार नियुक्ति पत्र वितरण भाजपा नेताओं को फूटी आंख नहीं सुहा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं को अपना राजनीतिक भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।
शांति ने पिछली भाजपा सरकारों के कार्यकाल में हुए कथित घोटालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार के मुखिया, नगर विकास मंत्री और मेयर सभी भाजपा के थे, तब राजधानी में अवैध निर्माणों को मंजूरी दी गई। उन्होंने प्रथम जेपीएससी घोटाले का भी उल्लेख किया, जिसे झारखंड का युवा आज भी नहीं भूला नहीं है।
