रायबरेली में 28 सड़कों की मरम्मत का रास्ता साफ, 7.83 करोड़ से बदलेगी सूरत (Raebareli news)
रायबरेली शहर की कई प्रमुख सड़कें वर्षों से बदहाल स्थिति में हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से सुरजूपुर, अभयदाता मंदिर मार्ग और गल्ला मंडी रोड जैसी सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया था। अब नगर पालिका परिषद ने इन मार्गों की मरम्मत के लिए कदम उठाया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
नगर पालिका ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से शहर की 28 सड़कों के डामरीकरण और इंटरलाकिंग का कार्य प्रस्तावित किया है। इस परियोजना पर लगभग 7.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों में सुपर मार्केट स्थित खालसा चौक से आंबेडकर मूर्ति तक, इंदिरा नगर क्रासिंग से बरगद चौराहा तक, बस स्टाप चौराहा से कानपुर रोड तक और अभयदाता मंदिर होते हुए भवानी पेपर मिल तक के मार्ग शामिल हैं।
इन मार्गों की मरम्मत को लेकर लंबे समय से स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि मांग कर रहे थे। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले साल की शुरुआत में इंटरलाकिंग और फरवरी से डामरीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
