सोनिया गांधी पर बयान देकर फंसे रेवंत रेड्डी, तेलंगाना politics में मचा बवाल
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी एक सरकारी कार्यक्रम में दिए गए अपने बयान को लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि 9 दिसंबर का दिन तेलंगाना और कांग्रेस के लिए ‘चमत्कारिक’ है। उन्होंने सोनिया गांधी के जन्मदिन (9 दिसंबर) को तेलंगाना राज्य के गठन की घोषणा से जोड़ा, जिससे यह विवाद खड़ा हो गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 दिसंबर को ही सोनिया गांधी का जन्मदिन है और इसी दिन अलग तेलंगाना राज्य के गठन की घोषणा हुई थी। उन्होंने सोनिया गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने आंध्र प्रदेश में राजनीतिक नुकसान की परवाह किए बिना तेलंगाना को अलग राज्य का दर्जा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि दिसंबर का महीना खुशियों और उम्मीदों का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री के इस बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर सीएम के भाषण का एक हिस्सा साझा करते हुए तंज कसा। बीजेपी ने लिखा, “सोनिया गांधी के त्याग और योगदान की वजह से आज यहां क्रिसमस मनाया जा रहा है। आगे, हमें बताया जाएगा कि गांधी परिवार की वजह से सूरज उगता है।”
बीआरएस ने भी इस बयान की आलोचना की है। बीआरएस पहले भी कांग्रेस सरकार पर सोनिया गांधी को खुश करने के लिए तेलंगाना माता की प्रतिमा का डिजाइन बदलने का आरोप लगा चुकी है। यह विवाद ऐसे समय में आया है जब तेलंगाना politics में कांग्रेस और विपक्ष के बीच टकराव चरम पर है।
