झारखंड के अस्पताल में पिता ने थैले में ले गया बच्चे का शव, SDO जांच में हुआ बड़ा खुलासा | Jharkhand news
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर अस्पताल में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पिता को अपने 4 माह के मृत बच्चे का शव थैले में भरकर ले जाना पड़ा। यह घटना तब हुई जब अस्पताल प्रशासन समय पर शव वाहन उपलब्ध नहीं करा पाया। इस मामले ने पूरे राज्य में अस्पताल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उपायुक्त चंदन कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ संदीप अनुरोग टोपनो से जांच कराई। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि 18 दिसंबर को 4 माह के शिशु कृष्ण चातोम्बा को बुखार और दस्त के साथ भर्ती कराया गया था। उसे मलेरिया पॉजिटिव पाया गया। बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया था, लेकिन पिता ने मना कर दिया। 19 दिसंबर को बच्चे की मौत हो गई।
अस्पताल प्रशासन ने शव वाहन की व्यवस्था करने की कोशिश की, लेकिन एक वाहन खराब था और दूसरा दूर था। पिता को इंतजार करने को कहा गया, लेकिन वह शाम 4:40 बजे वाहन आने से पहले ही शव लेकर निकल गया। जांच में यह भी पता चला कि उस दिन पीडियाट्रिक वार्ड में 33 बच्चे थे और केवल दो नर्सें ड्यूटी पर थीं। पिता के पास फोन न होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पाया।
इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए हैं। पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। यह घटना राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को उजागर करती है, जहां गरीब परिवारों को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
