0

बिजनौर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत; Bijnor accident news

By Dec 20, 2025

बिजनौर जिले के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुढ़ाल मार्ग पर तेज गति से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सचिन (27) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के समय दोनों भाई अपने पिता को लेने के लिए बिजलीघर जा रहे थे। सचिन के पिता जोगेंद्र सिंह उलेढा विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मी के रूप में तैनात हैं। ड्यूटी पर देर होने के कारण उन्होंने सचिन को फोन कर बुलाया था। जब दोनों भाई बाइक से मुढ़ाल मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मनोज को जलीलपुर के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक सचिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और ट्रैक्टर चालक गजेंद्र निवासी धीवरपुरा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। मृतक सचिन अपने पीछे पत्नी और एक वर्षीय पुत्री रौनक को छोड़ गया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें