शिल्पा शिंदे ने शुभांगी अत्रे पर दिया बड़ा बयान, ‘Bhabiji Ghar Par Hain’ में वापसी पर कही ये बात
टीवी जगत के लोकप्रिय शो ‘भाभीजी घर पर हैं!’ में अंगूरी भाभी का किरदार दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जाता है। यह किरदार पहले शिल्पा शिंदे ने निभाया था, लेकिन विवाद के बाद शुभांगी अत्रे ने इस भूमिका को संभाला। अब शिल्पा शिंदे की वापसी की खबरों के बीच, उन्होंने शुभांगी अत्रे को लेकर एक महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। शिल्पा ने शुभांगी की एक्टिंग की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही कहा कि कॉमेडी करना सबके बस की बात नहीं है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में शिल्पा शिंदे ने शुभांगी अत्रे के बारे में बात करते हुए कहा, “देखिए, एक एक्टर के तौर पर मैंने उस वक्त भी बोला था जब विवाद चल रहा था, बहुत साफ तौर पर, उसने काम किया है अच्छा। अच्छी एक्ट्रेस है, लेकिन कॉमेडी सबके बस की बात नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि किसी और के बनाए हुए किरदार को कॉपी करना बहुत मुश्किल होता है और इसमें काफी दबाव होता है।
शिल्पा ने यह भी कहा कि अगर शुभांगी अत्रे ने कोई नया किरदार निभाया होता तो उन्हें ज्यादा प्रसिद्धि मिलती। उन्होंने कहा, “देखो आज मैं कितना भी सोचूं किसी एक्ट्रेस को कॉपी करना, तो वो कॉपी हो जाती है। चाहे मैं कितनी भी अच्छी एक्टिंग करूं।”
वहीं, शुभांगी अत्रे ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि वह इस ‘रिप्लेसमेंट गेम’ को खत्म करना चाहती हैं। शुभांगी ने कहा, “शिल्पा ने 9-10 महीने में शो छोड़ दिया था, तो ऐसा लगा जैसे उन्होंने मुझे एक नवजात शिशु सौंप दिया हो। मैंने उस बच्चे को 10 साल तक पाला और अब मैं उसे वापस कर रही हूं।” उन्होंने शिल्पा को शुभकामनाएं भी दीं।
