ग्लोबल मार्केट में ‘Copper Price Today’ में रिकॉर्ड उछाल, 2026 के लिए एक्सपर्ट्स ने दिया बड़ा टारगेट
वैश्विक बाजार में तांबे (Copper) की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर तांबा वायदा 0.43 प्रतिशत बढ़कर 1,127.20 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह ग्लोबल सप्लाई की कमी है। दुनिया के सबसे बड़े कॉपर कंज्यूमर चीन के शीर्ष स्मेल्टरों ने 2026 में उत्पादन में 10% की कटौती करने पर सहमति व्यक्त की है, जिससे रिफाइंड कॉपर की उपलब्धता और घटने की आशंका है।
आपूर्ति की तंगी सिर्फ चीन तक सीमित नहीं है। दुनिया के सबसे बड़े कॉपर उत्पादक चिली में भी उत्पादन 7% घट गया है, जिससे वैश्विक स्तर पर दबाव बढ़ा है। चीन के SHFE वेयरहाउस में भी कॉपर स्टॉक 9.22% गिर गया है, जो साफ संकेत है कि फिजिकल मार्केट में उपलब्धता तेजी से कम हो रही है।
बाजार में तेजी को बड़े ग्लोबल बैंकों ने भी हवा दी है। Citi ने कॉपर पर सुपर बुलिश नजरिया रखते हुए कहा है कि 2026 की दूसरी तिमाही में कॉपर का औसत भाव 13,000 डॉलर प्रति टन तक जा सकता है, जबकि बुल टारगेट 15,000 डॉलर रखा गया है। वहीं Goldman Sachs ने 2026 की पहली छमाही का आउटलुक बढ़ाकर 10,710 डॉलर कर दिया है और कहा है कि लंबे समय के फंडामेंटल मजबूत बने हुए हैं।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि दुनिया भर में कॉपर कंसन्ट्रेट की करीब 5 लाख टन की कमी अगले साल भी जारी रहेगी। हालांकि, अमेरिका में Comex इन्वेंटरी बढ़ी है, जिससे वहां सप्लाई की स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर दिखती है।
