0

IPL के ‘करोड़पति’ Green का डक, Carey ने जड़ा शतक; Ashes के तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया मजबूत

By Dec 17, 2025

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल अब समाप्त हो गया है। पहले दिन 83 ओवर का खेल हुआ, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। हालांकि, टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और ऑस्ट्रेलिया को 33 के स्कोर पर 2 झटके लगे। जेक वेदरल्ड (18) और ट्रेविस हेड (10) जल्दी पवेलियन लौट गए।

इसके बाद मार्नस लाबुशेन ने उस्मान ख्वाजा के साथ मिलकर पारी को संभाला। लेकिन जोफ्रा आर्चर ने दो लगातार विकेट चटकाकर इंग्लैंड को वापसी दिलाई। आर्चर ने पहले लाबुशेन (19) का शिकार किया और फिर 5 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कैमरन ग्रीन को खाता भी नहीं खोलने दिया। ग्रीन का शून्य पर आउट होना चर्चा का विषय रहा, क्योंकि वह एक दिन पहले ही आईपीएल की नीलामी में 25 करोड़ 20 लाख रुपये में बिके थे।

लगातार 2 विकेट गंवाने के बाद एलेक्स कैरी ने मोर्चा संभाला और उस्मान ख्वाजा (82) के साथ 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। ख्वाजा शतक से चूक गए, लेकिन कैरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 143 गेंदों पर 106 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल था। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट खोकर 326 रन बना लिए थे। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट चटकाए, जबकि ब्रायडन कार्स और विल जैक्स को 2-2 सफलताएं मिलीं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें