आरटीओ चालान के नाम पर बड़ा फ्रॉड: APK फाइल से मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 22.9 लाख रुपये
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में साइबर अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां आरटीओ चालान की एपीके फाइल भेजकर एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर लिया गया और उसके खाते से 22.93 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली गई।
हल्द्वानी निवासी वृद्ध ने साइबर थाना पुलिस को तहरीर सौंप कहा था कि उनका एचडीएफसी बैंक शाखा हल्द्वानी में बचत खाता है। 14 दिसंबर की शाम उनके मोबाइल पर कई प्रकार के ओटीपी एवं अन्य मैसेज आए थे। कुछ समय बाद जब उन्होंने मैसेज चेक किए तो एक मैसेज उनके खाते से रुपये कटने का था। ठगी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर काल कर अपना खाता लाक करा दिया।
15 दिसंबर को जब वह बैंक गए और अपनी स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि उनके खाते से लिंक 21 लाख रुपये की एफडी 11 दिसंबर को ब्याज समेत अज्ञात ने तुड़वाकर अन्य खाते में ट्रांसफर करा दिए है। इसके अलावा उनके खाते में पहले से ही 1.10 लाख रुपये का बैलेंस भी था। इस प्रकार उनके खाते से कुल 2293855 रुपये की ठगी की गई।
घटना के बाद जब उन्होंने अपना मोबाइल चेक किया तो पता चला कि नौ दिसंबर को उनके व्हाटसएप पर आरटीओ चालान नाम की एपीके फाइल इंस्टाल हुई मिली। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी एपीके फाइल के माध्यम से उनका मोबाइल हैक कर उनके खाते से 22.93 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
