नवादा में पीएम आवास योजना की किस्त अटकी, 660 घरों का निर्माण ठप; 4 महीने से कर्मचारियों को मानदेय नहीं
नवादा में पीएम आवास योजना के तहत 660 लाभार्थियों को किस्त का भुगतान नहीं होने से निर्माण कार्य ठप हो गया है। लाभार्थियों को पिछले 4 महीनों से मानदेय भी बकाया है।
पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रखंड में पिछले कई महीने से लाभुकों को भुगतान नहीं किए जाने से भवन निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है। इस कारण प्रखंड में करीब 660 पीएम आवास आधे-अधूरे हैं। लाभुकों की शिकायत है कि समय पर राशि नहीं मिलने से दिक्कत हाे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और बेघर परिवारों को पक्का घर बनाने में मदद करती है।
इस संदर्भ में प्रखंड विकास पदाधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि 660 लाभुकों की राशि अभी बाकी है। इसमें से 80 -85% लाभुकों के मकान का निर्माण हो चुका है। अंतिम दिसंबर तक पैसा खाते में जाने की संभावना है। प्रखंड लेखा पाल सुमन सौरभ ने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए प्रखंड को कुल 762 आवास का लक्ष्य मिला था।
मेसकौर निवासी सोनी देवी ने बताया कि घर की ढलाई तक कर ली है, लेकिन अब तक एक किस्त की ही राशि प्राप्त हुई है। गंगाबारा गांव के राघो यादव ने बताया कि योजना की पूरी राशि अब तक नहीं मिली है।
जिले के विभिन्न पंचायतों व प्रखंडों में कार्यरत प्रधानमंत्री आवास कर्मी को भी पिछले चार माह से मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है। मानदेय नहीं मिलने के कारण आवास कर्मी भी मायूस हैं और ठीक से आवास निर्माण के कार्य पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड में चार आवास सहायक, एक प्रभारी आवास पर्यवेक्षक और एक आवास लेखापाल कार्यरत हैं।
