0

मुंगेर पुलिस ने गिट्टी लदे हाइवा से पकड़ी 513 कार्टून अवैध शराब, अरुणाचल से आ रही थी खेप

By Dec 15, 2025

मुंगेर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संग्रामपुर थाने की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गिट्टी लदे एक हाइवा वाहन की जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 4617 लीटर बताई जा रही है, जिसे 513 कार्टून में छिपाकर ले जाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, यह शराब झारखंड के देवघर से बिहार की ओर लाई जा रही थी। थानाध्यक्ष विनोद झा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि हाइवा से शराब की बड़ी खेप आ रही है। सूचना के आधार पर संग्रामपुर थाना पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान हाइवा वाहन को रूकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और भागने का प्रयास करने लगा।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और अंततः शामपुर थाना क्षेत्र में हाइवा को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। वाहन की तलाशी लेने पर गिट्टी के नीचे बड़ी चतुराई से छिपाकर रखे गए 513 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर शराब को निर्माण सामग्री की आड़ में छिपाकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संग्रामपुर थाना पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें