दुबई की सुरक्षा का लाइव टेस्ट: लाखों का हर्मीस बैग छोड़कर गई महिला, घंटों बाद भी नहीं हुआ गायब
दुबई की सुरक्षा व्यवस्था और ईमानदारी का एक अनोखा ‘लाइव टेस्ट’ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल रहा है। इसमें एक महिला ने जानबूझकर अपना कीमती हर्मीस बिरकिन बैग गोल्ड सूक इलाके में अब्रा (वॉटर टैक्सी) स्टेशन पर छोड़ दिया। यह बैग 100,000 दिरहम (करीब 27,220 डॉलर) का था।
इंस्टाग्राम यूजर अलीशा हमिरानी ने यह प्रयोग दुबई की सुरक्षित शहर की प्रतिष्ठा को साबित करने के लिए किया। उन्होंने बैग को सार्वजनिक स्थान पर छोड़ा और कई घंटों बाद वापस लौटीं। जब वह वापस आईं, तो उनका बैग वैसे के वैसे ही मिला, जैसे छोड़ कर गई थीं। बैग को किसी ने छुआ तक नहीं था।
महिला ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि “मैंने अपना 100,000 AED का बर्किन अब्रा पर छोड़ दिया – आपको क्या लगता है कि क्या हुआ होगा?” उन्होंने यह भी बताया कि पिछली बार जब उन्होंने ऐसा किया था, तो उन्होंने अपना क्रिश्चियन डायोर बैग खो दिया था, जिसके बाद उनके पति को उन पर भरोसा करने में एक साल लग गया था।
वीडियो वायरल होने के बाद लोग जमकर दुबई शहर की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘कई बार मैं पार्कों और सुपरमार्केट में मोबिल फोन भूल जाता हूं, लेकिन कुछ घंटों बाद वह मुझे उसी जगह पर मिल जाता है, ऐसा सिर्फ दुबई में ही देखने को मिलता है।’ यह घटना दुबई की ईमानदारी और सुरक्षा को दुनिया के सामने रखती है।
