कोहरे का तांडव: गाजियाबाद में 4 जगह भिड़ीं कई गाड़ियां, एक्सप्रेसवे पर मचा हड़कंप
गाजियाबाद में रविवार को घने कोहरे का कहर देखने को मिला। सीजन के पहले घने कोहरे में बीते चार घंटे में जिले में पांच स्थानों पर कई वाहन हाईवे और एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गए हैं। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर भोजपुर और मसूरी थाना क्षेत्र में तीन हादसे हुए हैं। जबकि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर भी वाहन टकराने की सूचना है।
घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से यह दुर्घटनाएं हुईं। हालांकि, किसी भी हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश हादसे ओवरटेकिंग के दौरान हुए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य करने में जुटे रहे। चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में इन दिनों घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। ऐसे में एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो रही है।
