शिमला से भी ठंडा हुआ रांची का कांके, पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से ठिठुरन बढ़ गई है। रांची का कांके क्षेत्र इस समय देश के कई ठंडे स्थानों से भी अधिक ठंडा हो गया है। हाल ही में कांके का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इसी दौरान शिमला का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग के अनुसार, निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में शीतलहर का असर लगातार जारी है। अचानक तापमान में आई इस गिरावट से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग सुबह और देर रात ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना जताई है। हालांकि, मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, तापमान बढ़ने के बावजूद कनकनी में कोई कमी नहीं आएगी। 19 दिसंबर तक सुबह और देर रात कोहरा या धुंध का असर बना रहेगा।
