देवरिया में आवारा कुत्तों का आतंक: दरवाजे पर खेल रहे 5 साल के मासूम को नोंच डाला, सिर पर गंभीर घाव
देवरिया जिले के खुखुंदू थानाक्षेत्र के ग्राम सभा वीरपुर मिश्र के रुस्तमपुर टोला में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना हुई। सुदर्शन राजभर का 5 वर्षीय पुत्र अमित राजभर अपने घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान उधर से गुजर रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया।
कुत्तों के हमले से बच्चा जमीन पर गिर गया। कुत्तों ने बच्चे के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर बुरी तरह से काटा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े और कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल सीएचसी सलेमपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
खुखुंदू क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले दिनों भी खुखुंदू चौराहा सहित नरौली खेम, नरौली भीखम, पिपरपाती, बसडीला और कुसहा जैसे कई गांवों में कुत्तों ने लोगों को अपना शिकार बनाया है। स्थानीय लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर भय और आक्रोश है।
