हाजीपुर में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 तस्कर गिरफ्तार; करोड़ों का कारोबार ठप
बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मध निषेध इकाई पटना एवं जंदाहा जंदाहा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से की।
जंदाहा थाना क्षेत्र के अरनिया गांव में चल रही इस फैक्ट्री से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया है। मौके से खाली डब्बे, रॉयल चैलेंज अंग्रेजी शराब का रैपर, एक्साइज सील स्टीकर, और स्प्रिट बरामद हुई है। इसके अलावा, पुलिस ने एक टेंपो, दो बाइक और 31 हजार रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
जंदाहा थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पटना मध निषेध इकाई टीम के साथ संयुक्त छापेमारी की गई। गिरफ्तार किए गए तस्करों से पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। यह फैक्ट्री बिहार में शराबबंदी के बावजूद बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार कर रही थी।
