सीतापुर में पालतू कुत्ते का खूनी तांडव, 7 लोगों को किया लहूलुहान; ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला
सीताजा खबर: सीतापुर जिले के पिसावां क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक पालतू कुत्ते के अचानक हिंसक हो जाने से हड़कंप मच गया। नेरी गांव में इस कुत्ते ने एक के बाद एक सात ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले की भयावहता इतनी थी कि पूरे गांव में दहशत फैल गई।
इस हमले में घायल हुए लोगों में एक बुजुर्ग व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य छह घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार और वैक्सीन दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि हमले के दौरान भगदड़ मच गई, और कई लोगों ने जान बचाने के लिए घरों में छिपना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि यह कुत्ता पहले भी आक्रामक व्यवहार कर चुका था, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस हिंसक कुत्ते को घेर लिया और पीट-पीटकर मार डाला। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।
