0

‘मुख्यालय का रेट’ बताकर घूस मांग रहा था बिहार का ये ASI, वीडियो वायरल होते ही SP ने किया सस्पेंड

By Dec 10, 2025

मधेपुरा में इंटरनेट मीडिया पर एक वायरल वीडियो मामले में पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने शंकरपुर थाना के एएसआई उत्तम कुमार मंडल को निलंबित कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक सह सदर एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती की जांच रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी साझा की है, जिसमें बताया गया है कि एएसआई उत्तम मंडल के निलंबन के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

वायरल वीडियो में एएसआई उत्तम कुमार मंडल अपने बेड पर हैं और उनके सामने शराब की बोतलें रखी हुई हैं। वीडियो में वह शंकरपुर थाना कांड संख्या 220/24 में जब्त सामानों को छुड़ाने के लिए अभियुक्त पक्ष से निजी आर्थिक लाभ के संबंध में बात कर रहे हैं। एएसआई उत्तम कुमार मंडल एक पीड़ित राहुल कुमार से घूस लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही मटन के साथ शराब पीते दिख रहे हैं। वीडियो में वे घूस यह कह कर लेते हैं कि पुलिस मुख्यालय का भी रेट बढ़ गया है। इसलिए वह दो हजार, पांच हजार नहीं लेते हैं, बल्कि सीधे 20-25 हजार लेते हैं और काम पारदर्शिता के साथ करते हैं।

जांच के बाद एएसआई उत्तम कुमार मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और उसके विरूद्ध विभागीय कार्रवाई के अलावा कानूनी कार्रवाई का भी आदेश दिया गया है। एएसपी का कहना है कि पुलिस शिकायत दर्ज कराने वाले पीड़ित को ढूंढ़ रही है ताकि आरोपित एएसआई के विरूद्ध थाने में एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा सके। यह घटना पुलिस विभाग की छवि पर गंभीर सवाल उठाती है और अधिकारियों द्वारा भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का संदेश देती है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें