बिहार में ‘जहर’ का कारोबार! STF-SSB ने दबोचे अंतरराज्यीय चरस गिरोह के 7 तस्कर, 9 किलो चरस बरामद
बिहार एसटीएफ (Bihar STF) और एसएसबी स्पेशल ब्यूरो की टीम ने मोतिहारी पुलिस के साथ मिलकर एक बड़ा संयुक्त आपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय चरस तस्कर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। टीम को सूचना मिली थी कि मोतिहारी के हरैया थाना क्षेत्र में कुछ नारकोटिक्स तस्कर जमा हुए हैं।
कार्रवाई के दौरान नेपाली नागरिक मेघराज शाह सहित सात लोगों को दबोचा गया। मेघराज पड़ोसी मुल्क नेपाल में भारी मात्रा में चरस का उत्पादन कर उसे बिहार के रास्ते कई राज्यों में आपूर्ति करता था। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में इटावा (यूपी) के बंगाली वर्मा, गंगापुर सिटी (राजस्थान) के टीकम चंद गोयल और अशोक अग्रवाल, मोतिहारी (बिहार) के कमलदेव राम, सर्वजीत चौधरी और गुरदेली शाह उर्फ रामनारायण शाह शामिल हैं।
आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि जब्त की गई 9 किलो चरस देश के विभिन्न राज्यों में भेजी जानी थी। यह गिरोह लंबे समय से संगठित होकर अवैध चरस की तस्करी कर रहा था। इनका नेटवर्क बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और नेपाल तक फैला हुआ है। बरामदगी में 9 किलो चरस (मूल्य 22.50 लाख रुपये), एक चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और 40 हजार भारतीय मुद्रा शामिल है।
