यूपी में कड़ाके की ठंड का अलर्ट: मंगलवार से बढ़ेगी गलन, 6 डिग्री तक गिरेगा पारा
रायबरेली में दिसंबर के पहले सप्ताह से ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। रविवार को बादलों और सर्द हवाओं के चलते लोग ठिठुरते रहे। रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन ठंड कम नहीं हुई। मौसम विज्ञानी ने मंगलवार से गलन वाली ठंड पड़ने के पूरे आसार जताए हैं, इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। कई दिनों से सुबह और शाम ठंड पड़ रही थी।
रविवार से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन में काफी ठंड का असर रहा। हालांकि बादलों की आवाजाही के कारण शनिवार की रात का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार की रात को तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आसमान में बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे दिन में लोग टोपी व मफलर से काम बंद किए हुए नजर आए। सोमवार को भी रात के तापमान में बढ़े रहेंगे, लेकिन मंगलवार से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से होकर उत्तर पश्चिमी हवाएं आएंगी, इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। न्यूनतम तापमान छह डिग्री तक पहुंचने की संभानाएं हैं। अभी दिन में धूप का असर रहेगा, कारण यह है कि उत्तर पश्चिमी हवाएं चलती हैं तो उससे बादल छट जाते हैं और आसमान साफ हो जाता है। इससे तेज निकलती है। इससे दिन में राहत रहेगी, लेकिन सुबह शाम काफी ठंड पड़ेगी।
तापमान में दो से तीन डिग्री तक उतार चढ़ाव बना रहेगा। मंगलवार से गलन वाली ठंड पड़ने के पूरे आसार हैं। उन्होंने बताया कि अभी एक सप्ताह तक बारिश के कोई आसार नहीं है, ऐसे में किसान गेहूं की फसलों की सिंचाई भी कर सकते हैं।
