बिहार के युवाओं का कौशल प्रगति का आधार, भू-माफियाओं को डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की सख्त चेतावनी
राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि युवाओं के कौशल, ज्ञान और सृजनशीलता राज्य की प्रगति का सबसे बड़ा स्तंभ है। बिहार का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा जब हर युवा अपनी क्षमता पहचान कर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही बदलता बिहार और बढ़ता बिहार का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव की तरह माध्यमिक और प्लस टू विद्यालय में भी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। पंचायत पुस्तकालयों में गरीब एवं ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा संवर्धन के लिए विशेष सहायता दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री रविवार को नगर भवन लखीसराय में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव के समापन कार्यक्रम में बोल रहे थे।
समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक बार फिर से भ्रष्टाचार एवं माफिया पर हमला बोला। सरकारी जमीन का अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में सुशासन और कानून का राज है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग और खनन विभाग में फैली अराजकता को समाप्त किया जाएगा। थाने से लेकर जिला स्तर तक माहौल बदलेगा।
भूमिपुत्रों को न्याय और अपराधमुक्त प्रशासन हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के बिना अधिकार अधूरा है। राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य अथवा प्रशासन हर क्षेत्र में कर्तव्यबोध ही व्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने सभी युवा प्रतिभाओं को शुभकामनाएं दी शुभकामनाएं।
