अंबाला में दर्दनाक हादसा: काम से लौट रहे प्रवासी मजदूर को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर मौत
अंबाला के मोटर मार्केट में शनिवार रात को एक भीषण सड़क हादसे में प्रवासी मजदूर मनसा राम (30) की जान चली गई। मनसा राम उत्तर प्रदेश के गौंडा जिले का रहने वाला था और जग्गी कॉलोनी में किराए पर रहकर मजदूरी करता था। 6 दिसंबर की रात वह अपने दोस्त दीपक के साथ काम से छुट्टी करके कमरे पर लौट रहा था। जैसे ही वे अंबाला-राजपुरा हाईवे पार कर मोटर मार्केट की तरफ पहुंचे, एक तेज रफ्तार कार ने मनसा राम को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मनसा राम हवा में उछलकर सड़क पर गिरा और उसका सिर डिवाइडर से टकरा गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनसा राम के साथी दीपक की शिकायत पर बलदेव नगर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
