अखिलेश यादव का बड़ा आरोप: ‘भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर काट रहे वोट, बुलडोजर वाले सिरप से डर रहे हैं’
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सहारनपुर में तीन शादी समारोह में शिरकत करने के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा व चुनाव आयोग मिलकर एसआइआर के माध्यम से वोट काटने का कार्य कर रहे हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का काम वोट बढ़ाना है, लेकिन वह भाजपा के साथ मिलकर वोट काटने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीएल कि बीएलओ को फार्म ही नहीं दिए जा रहे हैं और बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग बुलडोजर से डराते हैं, वे अब खुद एक ‘सीरप’ से डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खांसी हो तो सीरप मत लेना, बुलडोजर से डराने वाले सीरप से क्यों डर रहे हैं? अभी तक बुलडोजर क्यों नहीं चलाया, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा एक डिस्ट्रिक्ट एक माफिया की है।
सपा अध्यक्ष ने अर्थव्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज महंगाई बढ़ रही है, रोजगार है नहीं। अपने को खड़ा करने के लिए दूसरे देशों का सहारा लिया जा रहा है। अमेरिका ने टैरिफ लगाया, जिससे कारोबार थम सा गया है। रुपया गिरकर 90 पर पहुंच गया है। व्यवस्था पर भारी संकट है तथा सरकार के पास कोई हल नहीं है। ऐसे में जरूरी है कि इस सरकार को जनता हटाने का काम करें।
अखिलेश ने कहा कि ये लोग आधार को मानक नहीं मान रहे हैं तथा आधार को समाप्त कर दिया है। इंडिगो के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि यह पूंजीवादी लोगों की सरकार है। इंडिगो से इलेक्ट्राल बांड लिए गए, लेकिन तैयारी पूरी नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि भाजपा इमोशन से सरकार चलाती है, जबकि सरकार संविधान से चलानी चाहिए जो कि संजीवनी है।
