0

बिहार में 5 शिक्षकों की ‘स्मार्टनेस’ फेल, फर्जी ऑनलाइन हाजिरी पर शिक्षा विभाग ने भेजा नोटिस

By Dec 10, 2025

ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत पांच शिक्षकों पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के क्रम में गंभीर अनियमितता बरतने का आरोप लगा है। इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।

जिन शिक्षकों को नोटिस भेजा गया है, उनमें कुमारी निशि सिंह, कुमारी रोशनी देवी, ललित कुमार राम, कुमारी प्रियंका, ज्योति कुमारी और गुलाफशा नाज शामिल हैं। विभागीय जांच के दौरान यह पाया गया कि अक्टूबर माह में इन शिक्षकों द्वारा ई-शिक्षा कोष ऐप पर दर्ज की गई दैनिक उपस्थिति वास्तविक न होकर फर्जी तरीके से अपलोड की गई थी।

जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि संबंधित शिक्षकों ने निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित हुए बिना ऑनलाइन फोटोयुक्त हाजिरी दर्ज कर दी, जो विभागीय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। डीईओ कार्यालय ने इसे गंभीर अनियमितता, कदाचार और विभाग के साथ धोखाधड़ी बताते हुए कहा कि ऐसे कृत्य से न केवल शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है, बल्कि विद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा होता है।

विभाग का मानना है कि यदि समय रहते इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो अन्य शिक्षकों में भी इसी तरह की प्रवृत्ति बढ़ने की संभावना है, जो शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। गौरतलब है कि विभागीय निर्देश के तहत राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए ई-शिक्षा कोष ऐप के माध्यम से प्रतिदिन फोटोयुक्त ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य है। यह व्यवस्था पारदर्शिता सुनिश्चित करने और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर निगरानी रखने के लिए लागू की गई है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

किशनगंज में डंपर की चपेट में आने से पति की मौत, पत्नी और पोता घायल; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

किशनगंज के बहादुरगंज में दिघलबैंक-बहादुरगंज मुख्य मार्ग पर मोतीगंज बिरनिया वार्ड नंबर दो के समीप तेज रफ्तार डंपर ने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस घटना में मोटरसाइकिल चालक 62 वर्षीय गिरजानंद प्रसाद...
By Dec 10, 2025

साझा करें