जेवर के नीमका गांव में सड़ी-गली हालत में मिला युवक का शव, 10 दिन से था लापता; इलाके में सनसनी
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक तालाब से 35 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव के ही राधा वल्लभ के रूप में हुई है, जो दिल्ली में रहता था और दीपावली के अवसर पर गांव आया था। वह पिछले लगभग 10 दिनों से लापता था, जिसके बाद परिवार और ग्रामीणों में चिंता का माहौल था।
रविवार सुबह यमुना प्राधिकरण द्वारा गांव के पास स्थित तालाब से जल निकासी का कार्य किया जा रहा था। पानी का स्तर कम होने पर ग्रामीणों को तालाब के किनारे राधा वल्लभ का शव दिखाई दिया। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे पहचानना मुश्किल था, लेकिन ग्रामीणों ने कपड़ों और अन्य संकेतों से उसकी पहचान की।
शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल जेवर कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह हत्या का मामला है या डूबने से हुई मौत। युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
