SP ने UP-112 अधिकारियों को लगाई फटकार, रैंकिंग सुधारने के लिए दिए सख्त निर्देश
जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए यूपी-112 अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय यूपी-112 लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में, एसपी संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी यूपी-112 प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने समीक्षा बैठक की। इस बैठक में यूपी-112 की सभी पीआरवी इकाइयों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि यूपी-112 का मुख्य उद्देश्य हर कॉल पर त्वरित रिस्पॉन्स देना और जनता के बीच विश्वास स्थापित करना है। उन्होंने रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाने, कॉल रिस्पॉन्स को समयबद्ध करने और घटनास्थल पर जल्द से जल्द पहुंचने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को गश्त और चेकिंग को नियमित और प्रभावी बनाने, फील्ड फीडबैक को समय पर अपडेट करने और बीट अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देने को कहा गया। जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए निर्धारित मानकों पर विस्तृत चर्चा हुई।
एसपी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही या देरी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद की रैंकिंग सुधारना सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
