4.22 करोड़ से निखरेगा मंदिरों का शहर जम्मू, इन 4 जगहों पर लगेंगे वर्टिकल गार्डन
जम्मू, मंदिरों के शहर की खूबसूरती को चार चांद लगाने के लिए और वर्टिकल गार्डन बनने जा रहे हैं। एसएमजीएस अस्पताल, सिविल सचिवालय, बिक्रम चौक मार्ग और रिहाड़ी क्षेत्र में इनका निर्माण होगा। इसके लिए 4.22 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हुई है।
इन वर्टिकल गार्डन के बनने से जहां सिविल सचिवालय क्षेत्र की शोभा बढ़ेगी, वहीं एसएमजीएस अस्पताल मार्ग की दीवारें भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी। बिक्रम चौक से महिला कालेज गांधीनगर तक दीवारों व पिलर पर इन्हें बनाया जाएगा। रिहाड़ी क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर वर्टिकल गार्डन क्षेत्र की शोभा बढ़ाएंगे। अगले कुछ महीनों में इसके काम को पूरा कर लिया जाएगा।
इनके बनने से यह क्षेत्र काफी आकर्षक बन जाएंगे और साफ-सफाई की दृष्टि से भी सुधार होगा। बुधवार को जम्मू पूर्व के विधायक युद्धवीर सेठी और निगम आयुक्त डा. देवांश यादव ने इन कार्यों का शुभारंभ किया। बीसी रोड में फ्लाईओवर के खंभों पर वर्टिकल गार्ड गार्डन बनाए गए हैं, जो शाम ढलते ही रंगबिरंगी लाइटों से जगमगाते हैं।
जम्मू नगर निगम ने श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय कटड़ा के साथ एमओयू किया था। भारत सरकार के स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत हुए इस समझौते के तहत स्कूल आफ आर्केटेक्चर एंड लैंडस्केप डिजाइन के सदस्यों ने जम्मू शहर के विभिन्न स्थानों में लैंडस्केपिंग पर काम किया। वर्टिकल गार्डन के बीच फव्वारे व लाइटिंग भी लगाई गई है जिससे रात के समय गार्डन का नजारा मनमोहक बन जाता है।
विधायक युद्धवीर सेठी ने कहा कि ऐसे शानदार वर्टिकल गार्डन बनाने से जम्मू शहर की सुंदरता और वातावरण की गुणवत्ता को बढ़ाने में बहुत मदद मिलेगी। इन्हीं प्रयासों को बढ़ाते हुए सिविल सचिवालय, एसएमजीएस अस्पताल, विक्रम चौक मार्ग पर वर्टिकल गार्डन बनाने जा रहे हैं। निगम आयुक्त डा. देवांश यादव ने कहा कि इन गार्डन के लंबे समय तक रखरखाव, पेड़-पौधे लगाने और सिंचाई के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि वे पूरे साल देखने में अच्छे रहें। पहले बने वर्टिकल गार्डन शहर की खूबसूरती को और चमकाने में सफल रहे हैं। अब और चार स्थानों पर वर्टिकल गार्डन बनाने को मंजूरी देने के साथ काम शुरू किया गया है। जम्मू बदल रहा है।
