MCD उपचुनाव: विनोद नगर सीट पर BJP की बादशाहत बरकरार, AAP को लगा झटका; जानें जीत के कारण
पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा अपनी बादशाहत कायम रखने में कामयाब रही। भाजपा की सरला चौधरी ने आम आदमी पार्टी की गीता रावत को 1769 वोटों के अंतर से हराया। यह चुनाव इसलिए भी दिलचस्प था क्योंकि दोनों ही प्रत्याशी पहले इसी वार्ड से पार्षद रह चुकी थीं। भाजपा के लिए यह सीट जीतना इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि यहां के स्थानीय पार्षद इस साल चुनाव जीतकर विधायक बन गए थे, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी।
भाजपा ने प्रचार में ‘जिसकी सरकार उसका पार्षद’ का नारा दिया और इस नारे को लेकर वह आगे बढ़ी और सफल हुई। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा से लेकर भाजपा प्रदेश के कई बड़े चेहरों ने यहां पसीना बहाया। वार्ड में पहाड़ी लोगों की संख्या ठीक-ठाक होने के बावजूद गुर्जर चेहरे को लोगों ने पसंद किया।
वहीं, आम आदमी पार्टी का कोई बड़ा चेहरा यहां चुनाव प्रचार करते हुए नजर नहीं आया। पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी इस सीट पर दूरी बनाए रखी। आप के स्थानीय नेताओं का कहना है कि गीता रावत के चुनाव शुरू होने से पहले पैर में फ्रैक्चर हो गया था, इस वजह से वह ठीक तरह से पैदल प्रचार नहीं कर सकीं। चुनाव जीतने के बाद सरला चौधरी ने विजयी जुलूस निकाला और अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री, सीएम, सांसद व स्थानीय विधायक को दिया।
