मीरजापुर में धू-धू कर जली कार, चालक ने कूदकर बचाई जान
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में एक चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना लालगंज क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत कोठी गांव के पास हुई। कोठी गांव निवासी प्रभु नारायण मिश्र मीरजापुर से अपने घर लौट रहे थे। बाणसागर नहर के समीप पहुंचते ही उनकी कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। जब तक प्रभु नारायण कुछ समझ पाते, आग की लपटें तेज हो गईं। उन्होंने तुरंत कार रोककर बाहर निकलने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें हल्की चोटें भी आईं, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।
आसपास के लोग जब तक मदद के लिए पहुंचते, कार धू-धू कर जल उठी थी। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। प्रभु नारायण मिश्र ने बताया कि उन्होंने यह कार डेढ़ साल पहले ही खरीदी थी। गनीमत रही कि उन्होंने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
