17 साल के छात्र का कमाल: ‘रोबोट’ फिल्म से प्रेरित होकर बनाया AI टीचर, स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहा है यह रोबोट
फिल्में संदेश देती हैं, जरूरत बस उस संदेश को समझने की होती है। बुलंदशहर के शिवचरन इंटर कॉलेज में 12वीं के विज्ञान वर्ग के 17 वर्षीय छात्र आदित्य ने ‘रोबोट’ मूवी से प्रेरित होकर AI रोबोट टीचर बनाया है। आदित्य ने विज्ञान के शिक्षक हरिओम सक्सेना के निर्देशन में यह रोबोट तैयार किया है।
आदित्य ने AI रोबोट टीचर में राजवैरीपाइ (आरपीआई) में लार्ज लैंग्वेज मॉडल (एलएलएम) चिपसेट का प्रयोग किया है। छात्र आदित्य ने बताया कि एलएलएम चिपसेट से डिजाइन रोबोट इंसानी दिमाग की तरह डेटा को प्रोसेस करता है। एलएलएम के जरिए ही सभी विषय इसमें अपलोड किए गए हैं। आदित्य ने महिला का डमी पुतला लेकर चार्जिंग बैटरी का प्रयोग किया है और इस पर लगभग 25 हजार रुपये खर्च हुए हैं।
यह AI रोबोट छात्रों के सवाल सुनकर उनके सवालों का जवाब देता है। जब किसी कक्षा में कोई शिक्षक अनुपस्थित रहते हैं, तो इस AI रोबोट के जरिए कक्षा का संचालन शुरू कराया गया है। कक्षा में बच्चे AI रोबोट टीचर से संवाद कर रोमांचित हैं।
कॉलेज द्वारा इसको पेटेंट कराने की तैयारी की जा रही है। आदित्य विद्यार्थियों को AI से जोड़ना चाहते हैं। छात्र की विज्ञान के प्रति सोच ने सभी को अचंभित किया है। AI रोबोट को देखने के लिए लोग कॉलेज आ रहे हैं।
