बेटी की शादी से पहले मां की दर्दनाक मौत, संतकबीर नगर में मातम में बदली खुशियां
संतकबीर नगर में एक दुखद सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। ग्राम रतनपुर निवासी कतवारी देवी की मौत से अविवाहित बेटी आराधना पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने सब कुछ थाम दिया। मां को खोकर आराधना दहाड़ मारकर रोने लगी, जिससे पूरे घर में कोहराम मच गया।
यह दर्दनाक घटना महुली थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर में हुई। 65 वर्षीय कतवारी देवी सोमवार को पीएनबी बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
राहगीरों की मदद से परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही देर रात उनकी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पति अनंत राम और बेटी आराधना का रो-रोकर बुरा हाल है। मां के चले जाने से शादी की खुशियां अधूरी रह गईं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
